रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में जशपुर वन विभाग की अभिनव पहल ‘ट्री एटीएम’ का शुभारंभ किया। बगिया हेलीपैड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मोबाइल ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल आम नागरिकों तक निःशुल्क पौधों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं आंवला का पौधा ट्री एटीएम से प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक पौधरोपण अभियान से जुड़ सकेंगे।
CM साय ने की अभिनव पहल की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘ट्री एटीएम’ लोगों तक पौधे पहुंचाने का एक सरल, प्रभावी और प्रेरणादायक माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और ऐसे में यह पहल व्यापक स्तर पर हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का प्रतीक बन चुका है। इसी अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प ले। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पौधा ही नहीं, संरक्षण की भी मिलेगी जानकारी
वन विभाग द्वारा शुरू किए गए इस मोबाइल ट्री एटीएम को “आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव” संदेश के साथ रवाना किया गया है। इस पहल के तहत नागरिकों को निःशुल्क पौधे देने के साथ-साथ वैज्ञानिक तरीके से पौधरोपण, नियमित देखभाल और संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने के लिए लोगों को जागरूक करना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण का अभियान दीर्घकालिक और प्रभावी बन सके।


