रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।
इसी क्रम में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान दोनों के बीच सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना उन्नयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
CM साय बोले- विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
निवेश और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनेगा।


