बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला की हत्या की और बाद में शव के साथ कथित दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग गठरियों में बांध दिया और उन्हें शिवनाथ नदी के पास फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विरोध करने पर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामप्रसाद सोनवानी 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे महिला दुकलिहिन बाई के घर पहुंचा। उस समय महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि आरोपी ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर उसने फावड़े के बेंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव के टुकड़े कर ठिकाने लगाने का आरोप
जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ कथित दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने घर में रखी लकड़ी काटने वाली आरी से शव के दोनों हाथ और पैर काट दिए। शव के हिस्सों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर अपनी झोपड़ी में रखा और अगली रात शिवनाथ नदी के किनारे ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतका के घर से 2,500 रुपये भी ले गया था। पूछताछ में उसने बताया कि इसमें से 2,000 रुपये खर्च कर दिए, जबकि 500 रुपये उसके कब्जे से बरामद किए गए हैं।
ड्रोन और फोरेंसिक जांच से खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ड्रोन कैमरा, नाव, सर्च लाइट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद ली। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी पर संदेह हुआ। हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से पूरा घटनाक्रम स्वीकार कर लिया।
पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2017 में भी गांव की एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। उसके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई आरी, फावड़ा और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने प्रारंभ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अन्य प्रासंगिक धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी को 17 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


