धमतरी। प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ के तहत धमतरी जिले का ग्राम ठेनही हरित ऊर्जा की नई पहचान बनकर उभरा है। ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इस परियोजना से 71 परिवारों को बिना किसी खर्च के बिजली का लाभ मिलेगा।
नगरी विकासखंड स्थित ठेनही में 142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। योजना के तहत 71 परिवारों का दो-दो किलोवॉट क्षमता के लिए पंजीयन किया गया है। प्लांट गांव से करीब 50 से 75 मीटर की दूरी पर लगाया गया है और घरों में बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
55 गांवों तक पहुंचेगी योजना
जिले में ऐसे 55 गांवों की पहचान की गई है, जहां पक्की छतें नहीं होने के कारण घरों पर सोलर पैनल लगाना संभव नहीं है। ऐसे गांवों में सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं और इसके लिए ग्रामीणों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
ग्रामीण बोले- अब नहीं होगी बिजली बिल की चिंता
गांव के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब इस योजना से बड़ी राहत मिलेगी। उनका मानना है कि यह परियोजना आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
25 और गांवों में बनेगा सोलर मॉडल
एक समय नक्सल प्रभावित रहा ठेनही गांव अब हरित ऊर्जा के मॉडल के रूप में उभर रहा है। जिला प्रशासन की योजना नगरी विकासखंड के फरसियां, रतावा, दुगली सहित करीब 25 अन्य गांवों में भी इसी तर्ज पर सामूहिक सोलर परियोजनाएं स्थापित करने की है।
‘ऊर्जा आत्मनिर्भर बनेगा धमतरी’
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जिले में पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। आने वाले समय में अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इस योजना से जोड़कर धमतरी को हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर जिला बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
ठेनही की यह पहल केवल एक सोलर परियोजना नहीं, बल्कि बदलते ग्रामीण भारत, स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की नई तस्वीर पेश करती है।


