रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने अधिकांश चुनावी वादों और मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की उपलब्धियां ही जनता के विश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण हैं।
किसानों और महिलाओं के लिए किए गए काम गिनाए
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार ने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो वर्षों का बकाया बोनस और शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण जैसी सुविधाएं दी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। साथ ही महिलाओं के संपत्ति अधिकार मजबूत करने के लिए रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी गई है।
कृषि और सिंचाई पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, फसल विविधीकरण, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता और सिंचाई क्षमता बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जल संसाधन परियोजनाओं को रिकॉर्ड प्रशासनिक स्वीकृतियां देकर प्रदेश की सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।


