रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर जरूरतमंद परिवार तक समय पर राहत पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य आवश्यक सहायता बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में तेजी से जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


