रायपुर, 20 जुलाई 2026। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के साथ संस्कारों के समावेश को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उनका कहना था कि गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है, जिससे नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक बन सके।
राजस्व मंत्री तिल्दा विकासखंड के शासकीय बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय शालेय प्रवेश उत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि राज्य के विद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रार्थना, सरस्वती वंदना और श्लोक को भी शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है।
बलौदाबाजार के 11 स्कूलों को 3 करोड़ की सौगात
टंक राम वर्मा ने घोषणा की कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के 11 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा विद्यालयों में बाउंड्री वॉल, शौचालय, शुद्ध पेयजल, विद्युत व्यवस्था और बैठक जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास के लिए आधुनिक रंगमंच के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि “सपने वे नहीं जो हम सोते हुए देखते हैं, बल्कि वे हैं जो हमें सोने नहीं देते।” उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘संकल्प से सिद्धि’ मंत्र को अपनाने की सलाह दी।
स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
नई शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर
राजस्व मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत राज्य सरकार आधुनिक तकनीक के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद, शास्त्र, रामायण और सांस्कृतिक विरासत को शिक्षा से जोड़ रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, विनम्रता और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और अधोसंरचना विकास के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध और सशक्त राज्यों में शामिल होगा।
कार्यक्रम में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।


