बसना। स्थानीय मंगल भवन में पूज्य मानिकपुरी पनका समाज के तत्वावधान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं समाज के वरिष्ठजनों ने छत्तीसगढ़ महतारी तथा पूज्य संतों के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया।
समारोह के दौरान समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने समाज के हित में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों को सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि समाज का विकास ही किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होता है। उन्होंने कहा कि मानिकपुरी पनका समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और नए पदाधिकारियों के कंधों पर इस विरासत को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, सकारात्मक सोच और एकजुटता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करें।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समाज को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान के लिए उनके द्वार सदैव खुले रहेंगे।
कार्यक्रम में प्राचीन कबीर कुटी तरेकेला के महंत लखन मुनि साहेब, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, जनपद पंचायत सभापति प्रकाश सिन्हा, समाज के जिलाध्यक्ष सेवक दास दीवान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, समाज के वरिष्ठजन, माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा समारोह में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।


