बसना। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को बसना में नवनिर्मित शहीद स्मारक का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष का कारगिल विजय दिवस बसना के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन शहीद स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के तहत नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक स्वरूप लकड़ी एवं लोहे से निर्मित भव्य तोप की प्रतिकृति भेंट की है। इस प्रतिकृति को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शहीद स्मारक परिसर में स्थापित किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह शहीद स्मारक और यहां स्थापित तोप की प्रतिकृति मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, देशसेवा और वीर सैनिकों के त्याग के प्रति सम्मान की भावना जागृत करेगा।
कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय के तहत पाकिस्तान को पराजित कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराया था। यह दिन भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
शहीद स्मारक के लोकार्पण समारोह को लेकर बसना क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हैं।
इस दौरान महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. एन.के. अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


