दुर्ग। जिले में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलगांव थाना पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के अनुसार दोनों आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर उन्होंने महिला की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को भगवंतीन साहू मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल में परिजनों ने शव की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और गवाहों के बयान के आधार पर हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी पर संदेह हुआ। हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के समय वे शराब के नशे में थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई, जिसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पास सुनसान जगह ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर पहले गमछे से गला घोंटा और फिर बोल्डर पत्थर से सिर एवं चेहरे पर कई वार कर हत्या कर दी।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और साक्ष्य मिटाने के लिए अपने कपड़े बदल लिए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


