रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई। आसमान में घने बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश का असर अधिक रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, भारी बारिश का दूसरा दौर फिलहाल कमजोर पड़ रहा है, लेकिन मानसूनी गतिविधियां अभी भी जारी हैं। आने वाले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने के संकेत मिल रहे हैं। यदि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता है, तो प्रदेश में एक बार फिर व्यापक और अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रतापपुर में 11 सेंटीमीटर, लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेंटीमीटर, मनोरा में 6 सेंटीमीटर तथा दर्गी, ओडगी, पलारी और माना में 5 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली सहित कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके अलावा बस्तर संभाग, सरगुजा संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।


