बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़पार गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। सभी श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर एक किसान के खेत में धान रोपाई के लिए जा रहे थे। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मुड़पार गांव के श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कई श्रमिक उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के समय आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और अन्य श्रमिक तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


