रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनता का विश्वास मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की तथा ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और गौ-सेवा की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है तथा ऐसे सम्मेलन सामाजिक एकता और समाज सुधार को नई दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की राशि अंतरित की जा रही है, जिससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में अब नक्सलवाद की जगह शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और विकास की मुख्यधारा अंतिम गांव तक पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है।
सुशासन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक 24×7 अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए करीब 8 हजार अधिकारियों-कर्मचारियों को चार स्तरीय व्यवस्था से जोड़ा गया है। साथ ही प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न प्रमाणपत्र और सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


