रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी की गारंटी पूरी कर जनता का विश्वास और मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री ग्राम बरौदा (रायपुर) में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के नए सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की तथा ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और गौ-सेवा की समृद्ध परंपरा का संवाहक रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है तथा ऐसे सम्मेलन सामाजिक एकता और जागरूकता को नई दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास मंजूर किए गए हैं, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की राशि सीधे भेजी जा रही है, जिससे उनका आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। वहीं बस्तर में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।
सुशासन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को पारदर्शी और समयबद्ध सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूल मंत्र के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


