बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमूली में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने गुस्से में अपने ही बेटे पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक विजेंद्र श्रीवास अक्सर शराब के नशे में घर में विवाद करता था। घटना वाले दिन भी वह शराब पीकर घर पहुंचा और अपने पिता मोहित राम श्रीवास से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
डंडे से सिर पर किए कई वार
विवाद के दौरान गुस्से में आए पिता ने डंडे से बेटे के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से विजेंद्र श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।


