रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के प्रयासों और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के हजारों परिवार ऊर्जा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। बालोद जिले के निवासी महेश कुमार साहू इस योजना का लाभ उठाकर अब हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं। उनके घर का मासिक बिजली बिल अब शून्य हो गया है, जिससे उन्हें हर वर्ष हजारों रुपये की बचत हो रही है।
5 किलोवाट सोलर प्लांट से खत्म हुआ बिजली बिल
करीब एक वर्ष पहले महेश कुमार साहू ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया। इससे पहले उनके घर हर महीने 2,500 से 5,000 रुपये तक का बिजली बिल आता था, जिससे परिवार के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।
सोलर प्लांट लगने के बाद अब उनका बिजली बिल पूरी तरह जीरो हो गया है और वे स्वच्छ ऊर्जा के साथ नियमित आर्थिक बचत का लाभ भी उठा रहे हैं।
सरकार से मिली 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी
महेश कुमार साहू ने बताया कि सोलर प्लांट लगाने के लिए उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संयुक्त रूप से 1 लाख 8 हजार रुपये का अनुदान मिला। इस आर्थिक सहायता से सोलर प्लांट की स्थापना लागत काफी कम हो गई और बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के वे योजना का लाभ लेने में सफल हुए।
‘अब बिजली बिल की चिंता नहीं’
महेश कुमार साहू ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब उनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी सब्सिडी मिलने से सोलर प्लांट लगाना आसान हुआ और अब परिवार को आर्थिक राहत मिल रही है।
लोगों से की योजना का लाभ लेने की अपील
महेश ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग अपने घरों में सोलर प्लांट लगाएं। इससे न केवल बिजली बिल से स्थायी राहत मिलेगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा।


