रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की ‘सेवा सेतु’ पहल डिजिटल सुशासन का मजबूत आधार बनती जा रही है। नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित इस पोर्टल के माध्यम से अब 441 से अधिक सरकारी सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है।
12 दिन में मिला जाति प्रमाण पत्र
सरगुजा जिले के ग्राम मेंड्राखुर्द निवासी सूरज ने सेवा सेतु पोर्टल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भूमि पंजीयन (रजिस्ट्री) के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन किया और महज 12 दिनों में उनका जाति प्रमाण पत्र जारी हो गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से भूमि पंजीयन की प्रक्रिया भी बिना किसी परेशानी के पूरी हो गई।
सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मिली मुक्ति
सूरज ने बताया कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल ने पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बना दिया है। उन्होंने कहा कि उनका काम तय समय में पूरा हुआ, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
86 से बढ़कर 441 से अधिक सेवाएं
राज्य सरकार ने पहले संचालित ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का विस्तार कर उसे ‘सेवा सेतु’ के रूप में विकसित किया है। पहले जहां इस प्लेटफॉर्म पर 86 सरकारी सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 441 से अधिक हो चुकी है। इससे सेवा वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनी है।
एक ही पोर्टल पर मिल रही कई जरूरी सुविधाएं
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन, श्रम एवं राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाएं सहित अनेक सरकारी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।
डिजिटल सुशासन की नई पहचान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकसित ‘सेवा सेतु’ पोर्टल छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस को नई दिशा दे रहा है। तकनीक आधारित इस व्यवस्था से न केवल सरकारी सेवाएं तेज और पारदर्शी हुई हैं, बल्कि आम नागरिकों का प्रशासन पर भरोसा भी लगातार मजबूत हो रहा है।


