रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आकाशीय बिजली से मृत व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की मुआवजा सहायता राशि स्वीकृत कर सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित कराई। इस पहल से लंबे समय से लंबित प्रकरण का शीघ्र निराकरण संभव हो सका।
लंबे समय से लंबित था मुआवजा प्रकरण
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले की तपकरा तहसील अंतर्गत ग्राम झरन (मसरिघाट) निवासी श्रीमती मुनिका बाई विश्वकर्मा के पति की आकाशीय बिजली गिरने से असामयिक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद काफी समय तक मुआवजा राशि नहीं मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया में आवेदन देकर सहायता की मांग की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
आवेदन प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर 4 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे आवेदिका के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी।
परिवार ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
लंबे इंतजार के बाद आर्थिक सहायता मिलने पर श्रीमती मुनिका बाई विश्वकर्मा और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में मिली आर्थिक सहायता परिवार के लिए बड़ा सहारा साबित होगी और लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान होने से उन्हें राहत मिली है।


