रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित माँ चन्द्रहासिनी विद्यापीठ परिसर में माँ चन्द्रहासिनी आरोग्य धाम का विधिवत भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह बहुउद्देशीय चिकित्सालय क्षेत्रवासियों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जो भविष्य में जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि गोपाल जी महाप्रभु एवं माँ चन्द्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास लंबे समय से शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा संचालित सीबीएसई विद्यालय के बाद अब आरोग्य धाम की स्थापना क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगी। उन्होंने ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल और सभी न्यासियों को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई दी।
ओपी चौधरी ने कहा कि चंद्रपुर स्थित माँ चन्द्रहासिनी शक्तिपीठ छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल, विद्यालय और ट्रस्ट से जुड़े विकास कार्यों में यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या शासकीय बाधा आती है तो राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी और जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल शुरू होते ही इसे आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाएगी, ताकि आसपास के ग्रामीण आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क एवं बेहतर उपचार का लाभ उठा सकें। साथ ही अस्पताल के विकास और आवश्यक सुविधाओं के लिए भी शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
वित्त मंत्री ने चन्द्रहासिनी महोत्सव को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की यूपीएससी कोचिंग सहायता योजना की जानकारी दी और युवाओं से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज और शासन के साझा प्रयासों से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन संभव है। विश्वास व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि माँ चन्द्रहासिनी आरोग्य धाम आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र के लिए उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, सेवा भावना और जनकल्याण का आदर्श केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक रामकुमार यादव, ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, संयोगिता सिंह जूदेव, जनप्रतिनिधि, ट्रस्ट पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


