दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) की मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और सावधानी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वे नियमित रूप से ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे।
सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार सिन्हा ने पहले लोकल ट्रेन छोड़ दी और सुपरफास्ट ट्रेन में सवार होने के लिए दौड़ पड़े। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए। हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
CCTV वीडियो आया सामने
घटना के दो दिन बाद हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान हुआ हादसा साफ दिखाई दे रहा है। इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।
रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों से लगातार अपील करती हैं कि वे किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।


