सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सतपता (सतकरा) गांव में पारिवारिक विवाद के बाद नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के दौरान घर में मौजूद दंपती के तीन बच्चों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और फावड़े से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शव पर कई गहरे घाव पाए गए हैं।
बच्चों ने भागकर बचाई जान
घटना के समय घर में मौजूद तीनों बच्चे हमले के दौरान किसी तरह घर से बाहर निकलकर भाग गए। उनकी सूझबूझ से उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


