कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे फैक्ट्री परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
धमाके के बाद फैली भीषण आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले जोरदार विस्फोट हुआ और उसके तुरंत बाद फैक्ट्री में आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग फैक्ट्री परिसर में खड़े एक ट्रक तक भी पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
दमकल की कई टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य संबंधित विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। कई दमकल वाहन लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
सभी मजदूर सुरक्षित, इलाके को किया गया सील
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री में मौजूद सभी मजदूर सुरक्षित हैं और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाना और किसी बड़े नुकसान को रोकना है।
सुरक्षा की दृष्टि से पूरे घटनास्थल को सील कर दिया गया है। आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हो।
पहले भी हो चुका है हादसा
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन अंकुश अग्रवाल द्वारा किया जाता है। इससे पहले भी इसी फैक्ट्री में विस्फोट की घटना हो चुकी है। उस समय भी फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ था, हालांकि कर्मचारी सुरक्षित बच गए थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मामले की विस्तृत जांच कराने की बात कही है।


