अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में खेत में धान की रोपाई कर रही 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक युवक समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश और गर्जना के बीच खेत में काम कर रहे लोग संभल पाते, इससे पहले ही आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में तीन लोग आ गए और सभी मौके पर अचेत होकर गिर पड़े।
घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय प्रीति अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। अचानक गिरी आकाशीय बिजली ने परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने बारिश के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।


