बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की संयुक्त कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियों ने देर रात स्थानीय कारोबारी राजकुमार सराफ के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई रविवार सुबह तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार सराफ पहले पीतल के कारोबार से जुड़े रहे हैं, जबकि वर्तमान में वे ठेकेदारी का व्यवसाय करते हैं। छापेमारी के दौरान ED और IT की टीमें दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की गहन जांच कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह हाई-प्रोफाइल कार्रवाई देर रात शुरू हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हलचल बढ़ गई। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई किस विशेष मामले या इनपुट के आधार पर की जा रही है।
फिलहाल ED और आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही एजेंसियां इस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों का खुलासा करेंगी।


