रायपुर। सेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना की।
इस दौरान वित्त मंत्री ने कोविड-19 महामारी के समय जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए ‘इंसानियत की पाठशाला’ की शुरुआत करने वाली समाजसेवी कल्याणी मुखर्जी से उनके निवास पर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाने का उनका प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।
इसके बाद ओपी चौधरी ने गायत्री मंदिर के पुजारी हरिराम जी के निवास पहुंचकर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा की और उनका सम्मान किया। उन्होंने ज्योति शर्मा एवं लक्ष्मण शर्मा से भी भेंट कर समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
जनसंपर्क अभियान के तहत वित्त मंत्री पटनायक समाज के अध्यक्ष दुर्बादल पटनायक के कौहाकुंडा स्थित निवास भी पहुंचे, जहां सामाजिक समरसता, जनसेवा और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी प्रबुद्धजनों को शॉल, श्रीफल एवं रामचरितमानस की प्रति भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, विचार और सेवा भावना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
वहीं, प्रबुद्धजनों ने भी वित्त मंत्री के इस विशेष जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और सहभागिता बढ़ाने की सार्थक पहल बताया।


