रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास लगातार तेज हो रहे हैं। इसी क्रम में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुसबाका में नए मोबाइल नेटवर्क टॉवर का सफलतापूर्वक संचालन शुरू हो गया है। वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह बड़ी राहत और विकास की नई शुरुआत मानी जा रही है।
बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 65 से 70 किलोमीटर दूर स्थित पुसबाका अब बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा से जुड़ गया है। मोबाइल टॉवर शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत हुई है तथा लोगों को डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिलने लगा है।
नई सुविधा के बाद ग्रामीण अब मोबाइल कॉल, वीडियो कॉल, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल बैंकिंग, UPI भुगतान, ई-गवर्नेंस सेवाओं और अन्य इंटरनेट आधारित सुविधाओं का सहज उपयोग कर सकेंगे। इसका सबसे अधिक लाभ विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, किसानों, महिलाओं और स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा।
बेहतर नेटवर्क से शासन की ऑनलाइन योजनाओं का लाभ भी अब तेजी से ग्रामीणों तक पहुंचेगा। टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेजों का उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संपर्क जैसी सुविधाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ होंगी। इससे डिजिटल इंडिया और सुशासन के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
मोबाइल टॉवर शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से बेहतर मोबाइल नेटवर्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब गांव के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और शासकीय सेवाओं से डिजिटल माध्यम के जरिए आसानी से जुड़ सकेंगे।
पुसबाका में स्थापित यह मोबाइल टॉवर केवल संचार सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समावेशी विकास, सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है।


