रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का सकारात्मक असर अब बस्तर संभाग में भी दिखाई देने लगा है। बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड के ग्राम पुतकेल निवासी किसान एर्रागोला राजेंद्र ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और शासकीय सहायता से आधुनिक तकनीक अपनाकर मिर्च की खेती में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पहले एर्रागोला राजेंद्र धान की खेती पर ही निर्भर थे और अन्य फसलें नहीं लेते थे। अधिक आय की तलाश में उन्होंने उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया, जहां उन्हें मिर्च की खेती और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
शुरुआती दौर में लागत अधिक और लाभ कम होने के कारण उन्हें आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने उन्हें मल्चिंग तकनीक अपनाने की सलाह दी। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत उन्हें ₹32 हजार की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्होंने मल्चिंग शीट लगाकर वैज्ञानिक तरीके से मिर्च की खेती शुरू की।
नई तकनीक अपनाने के बाद फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वर्ष 2026 में उन्होंने लगभग 30 क्विंटल मिर्च का उत्पादन प्राप्त किया, जिससे उन्हें करीब ₹6 लाख की आय हुई।
किसान एर्रागोला राजेंद्र का कहना है कि उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं की मदद से उनकी खेती अधिक लाभकारी बन गई है। उन्होंने अन्य किसानों से भी आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने की अपील की।


