रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रमुख सचिव आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही सुबोध सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर ठगी के इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, शातिर ठग ने सोमवार को फेसबुक पर सुबोध सिंह के नाम से फर्जी अकाउंट बनाया और महज दो घंटे के भीतर 58 लोगों को फ्रेंड लिस्ट में जोड़ लिया। इसके बाद परिचितों से पैसे मांगने की कोशिश की गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी फेसबुक अकाउंट किसने बनाया, इसे कहां से संचालित किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी परिचित या अधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने का संदेश मिले तो पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। बिना सत्यापन किसी भी बैंक खाते या डिजिटल माध्यम से राशि ट्रांसफर न करें।
साइबर विशेषज्ञों ने भी सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर संदिग्ध प्रोफाइल, फर्जी अकाउंट और पैसों से जुड़े संदेशों से सतर्क रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।


