रायपुर। राजधानी रायपुर में स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने पुराना फायर ब्रिगेड, राजीव गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाने, नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों में सुधार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं। उनका कहना है कि इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान करने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
बताया गया कि यह धरना पहले निर्धारित तिथि पर आयोजित होना था, लेकिन दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदेशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर फिर से आंदोलन शुरू कर दिया है।


