जशपुरनगर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जनपद पंचायत बगीचा की ग्राम पंचायत छिछली (र) स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खुड़िया रानी मंदिर परिसर में सोमवार को व्यापक स्वच्छता श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों, युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।
अभियान का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। श्रमदान के दौरान मंदिर परिसर से कचरा हटाया गया, साफ-सफाई की गई और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के सामूहिक प्रयास किए गए।
इस अभियान में जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ग्राम पंचायत छिछली (र) के सरपंच, सचिव और पंचायत कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच, बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भी श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से गंगा समूह को स्वच्छता किट प्रदान की गई। समूह के सदस्यों से मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया। गंगा समूह ने भी मंदिर परिसर को हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रखने का संकल्प लिया।
अभियान को सफल बनाने में वन विभाग की टीम तथा स्थानीय सामाजिक संगठन सफल प्रयास सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा। सभी प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने गांव, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता एक सतत जनआंदोलन है, जिसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामुदायिक स्वच्छता अभियानों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।


