रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव और हर महीने पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चावल के समय पर उठाव से परिवहन व्यवस्था में तेजी आएगी, गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल हेतु 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए राज्य को हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि चावल के उठाव में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए नियमित रूप से रेलवे रैक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसानों और राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली दोनों को लाभ मिल सके।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के आग्रह पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।


