रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण (Advance Tax Devolution) के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सहकारी संघवाद को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले कर हिस्सेदारी उपलब्ध करा रही है, जो उसकी संवेदनशील, दूरदर्शी और विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रिम कर हस्तांतरण के रूप में ₹3,602 करोड़ की राशि प्राप्त होने से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। इससे सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार राज्यों को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।


