रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में धमतरी जिले में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से बड़ी राहत मिली है।
धमतरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए गए जाति प्रमाण-पत्र हितग्राहियों को वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवा वितरण प्रणाली की सराहना की।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल राज्य सरकार की नागरिक-केंद्रित सुशासन की सोच का प्रभावी उदाहरण है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से शासन और आम जनता के बीच की दूरी कम हुई है तथा शासकीय सेवाएं पारदर्शिता, गति और जवाबदेही के साथ लोगों तक पहुंच रही हैं।
सेवा सेतु पोर्टल पर राजस्व एवं प्रमाण-पत्र सेवाओं के तहत आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नामांतरण और भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं उपलब्ध हैं। वहीं सामाजिक एवं नागरिक सेवाओं में विवाह पंजीयन, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन तथा श्रम एवं अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाएं भी ऑनलाइन पूरी की जा रही हैं।
पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन की ट्रैकिंग और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है, वहीं प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनी है।
राज्य सरकार का मानना है कि डिजिटल तकनीक आधारित यह पहल छत्तीसगढ़ में सुशासन (Good Governance) को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।


