रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर अवैध संबंधों के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-14 निवासी रामधार सोनकर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी पुष्पा सोनकर की शादी करीब 20 वर्ष पहले भोला सोनकर से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले तीन वर्षों से भोला के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिससे उसका एक बच्चा भी है। इसी बात को लेकर वह अक्सर पुष्पा के साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था।
बेटी ने बताई घटना की पूरी कहानी
मृतका की 18 वर्षीय बेटी के अनुसार, 30 जुलाई की रात उसका पिता घर नहीं लौटा। अगले दिन 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे घर पहुंचने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद भोला, पुष्पा को घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर ले गया। कुछ देर बाद उसने मृतका के भाई को फोन कर बताया कि पुष्पा कुएं में गिर गई है।
इलाज के दौरान हुई मौत
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो पुष्पा कुएं के पास अचेत अवस्था में मिली। उसे पहले आरंग के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि पुष्पा को अच्छी तरह तैरना आता था, इसलिए उसका कुएं में गिरकर डूब जाना संदिग्ध है। उनका आरोप है कि पति ने अवैध संबंधों के कारण उसे कुएं में धक्का देकर हत्या की है।
पुलिस जांच में जुटी
मृतका के पिता, भाइयों और बच्चों ने आरंग थाने में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


