रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, युवती के गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पहचान और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही WRS कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।


