रायपुर। भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती 2026-27 की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CET) का परिणाम जारी होने के बाद रायपुर जिले के 170 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र घोषित हुए हैं। इन अभ्यर्थियों को अगले चरण की तैयारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी।
10 अगस्त तक करें आवेदन
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने पात्र अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, लोकभवन के बाजू, सिविल लाइन, रायपुर में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
ई-मेल से भी कर सकते हैं आवेदन
जो अभ्यर्थी व्यक्तिगत रूप से कार्यालय नहीं पहुंच सकते, वे निर्धारित अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 तक अपना आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पूरी तरह निःशुल्क होगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना और भारतीय सेना भर्ती के अगले चरण में सफलता हासिल करने में सहयोग देना है।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने पात्र अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।


