कांकेर। जिले के हाटकर्रा अस्पताल में 15 वर्षीय नाबालिग के प्रसव के बाद नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी। मामला उस समय उजागर हुआ, जब जन्म के कुछ दिनों बाद नवजात की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर भानुप्रतापपुर विकासखंड की 15 वर्षीय किशोरी को हाटकर्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक शिशु को जन्म दिया। जच्चा और नवजात तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे, लेकिन इस दौरान पुलिस को सूचना दिए जाने की बात सामने नहीं आई।
नवजात की मौत के बाद खुला मामला
बाद में नवजात की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे संजीवनी 108 की मदद से धनेलीकन्हार अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद धनेलीकन्हार अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया दुष्कर्म का मामला
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संजय सलाम नामक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
अस्पताल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव के बावजूद संबंधित कानूनी प्रक्रिया और अनिवार्य सूचना देने के नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


