रायपुर। बलौदाबाजार शहर में सोमवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक किराना दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दशहरा मैदान रोड स्थित एवन डेली निड्स दुकान को दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। वारदात से पहले दोनों आरोपियों ने दुकान के आसपास रेकी की। इसके बाद एक आरोपी बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा शटर तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हो गया।
दुकान के अंदर पहुंचने के बाद आरोपी ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया और दूसरे कैमरे का रुख दूसरी ओर घुमा दिया। हालांकि, दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार सुबह दुकानदार अभिषेक केसरवानी जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें शटर खुला मिला। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को चोरी की सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर दुकान के गल्ले से करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


