रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई में नाबालिग को धमकाकर उसके रिश्तेदारों के घर से सोने के जेवर चोरी कराने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों से संबंधित करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 17 वर्षीय नाबालिग पर दबाव बनाया और उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके मामा के घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि नाबालिग से सोने की अंगूठियां, हार, मंगलसूत्र और कान की बालियां चोरी कराई गईं।
इस मामले में नाबालिग की मां की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाबालिग ने घर से सोने के कंगन, मंगलसूत्र और अंगूठियां निकालकर आरोपियों को दे दी थीं। दोनों शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने अनुराग कुर्रे, करन सोनी और रोहित गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मामलों से संबंधित करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप की लत लगाने का भी आरोप है। इस पहलू को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


