दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक की अपनी परिचित युवती के घर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद युवक घर की छत पर बेसुध हालत में मिला। परिचित युवती ने उसे होश में लाने की कोशिश की और सीपीआर भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी परिचित अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, उसका परिचित गौरव और ग्रेसी भी मौजूद थे। सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद सिद्धांत घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो वह बेसुध अवस्था में पड़ा मिला।
अंजलीना ने युवक को होश में लाने का प्रयास किया और सीपीआर भी दिया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


