दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात उस समय हुई, जब छोटा भाई घर में सो रहा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बघेरा का है।
मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई देवेंद्र देवांगन है। बताया गया है कि दोनों भाई अलग-अलग च्वाइस सेंटर संचालित करते थे। परिवार के अनुसार, एक पुरानी दुकान में ज्यादा ग्राहक आते थे, जबकि दूसरी दुकान में काम अपेक्षाकृत कम था। इसी को लेकर दोनों भाइयों के बीच पैसों के हिसाब को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात दोनों भाइयों के बीच पैसों के हिसाब को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे कैलाश घर में सो रहा था, तभी देवेंद्र ने उस पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमले में कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में माता-पिता भी मौजूद थे। शोर सुनने के बाद परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी देवेंद्र देवांगन को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


