रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या पास कराने के नाम पर आने वाले फर्जी फोन कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के किसी भी कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और किसी भी स्थिति में आर्थिक लेन-देन न करें।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जारी है। इसी दौरान मंडल की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों को यह चेतावनी जारी की गई है, ताकि वे परीक्षा परिणाम से जुड़ी किसी भी तरह की ठगी का शिकार न हों।
मंडल के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान भी विद्यार्थियों और अभिभावकों को पास कराने, परीक्षा परिणाम में सुधार करने तथा अंक बढ़ाने के नाम पर फर्जी फोन कॉल किए गए थे। इन कॉल के जरिए ठगी करने का प्रयास किया गया था।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने का दावा करते हुए फोन या किसी अन्य माध्यम से संपर्क करता है, तो उसके झांसे में न आएं। ऐसे किसी भी व्यक्ति को कोई राशि नहीं दें और आर्थिक लेन-देन से पूरी तरह बचें।
मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा परिणाम से संबंधित किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश को लेकर सावधानी बरतें और फर्जी दावों के आधार पर कोई कदम न उठाएं।


