दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से करीब 2 लाख 7 हजार रुपए कीमत की 18 हजार नकली सिगरेट और पैकिंग सामग्री जब्त की है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को एक बड़ी सिगरेट निर्माण कंपनी के अधिकृत फील्ड ऑफिसर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स में कंपनी के ब्रांड नाम का कथित रूप से गलत इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर छापामार कार्रवाई की।
जांच के दौरान दुकान के भीतर ब्रांडेड कंपनी के नाम से तैयार बड़ी संख्या में नकली सिगरेट बरामद हुईं। पुलिस ने कुल 18 हजार नकली सिगरेट के साथ उनसे जुड़ी पैकिंग सामग्री भी जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नकली पैकेटों को असली जैसा दिखाने के लिए उन पर 115 रुपए MRP और QR कोड तक छापे गए थे। आरोप है कि ग्राहकों को असली उत्पाद बताकर नकली सिगरेट बेचकर अधिक मुनाफा कमाया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में विशाल जसवानी (36), निवासी गुरुनानक नगर, सत्यम बेकरी गली और निखिल सिहानी (29), निवासी सदानी नगर, सिंधी कॉलोनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब नकली सिगरेट के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली सिगरेट कहां तैयार की जाती थीं और दुर्ग शहर की किन-किन दुकानों में इनकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


