रायपुर, 15 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में घुड़सवार दल ने अपने अदम्य साहस और ऊर्जा का जीवंत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वान दल ने रोमांचक प्रदर्शन के साथ अपनी दक्षता और उपयोगिता की जानकारी भी दी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल का हॉर्स शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। घुड़सवारों ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट का प्रदर्शन किया। टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। घुड़सवार दल की प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च में इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं। इसके साथ ही स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील तथा ड्रम कॉल की प्रस्तुति दी गई। बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियम मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर मनमोहक धुनें बजाकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
महिला बैगपाइपर बैंड के सदस्यों ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी के बीटीसी मानु में छह महीने का कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इस बैंड ने वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। यह प्रतियोगिता असम राइफल्स के दीमापुर प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई थी। इसके अलावा हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला था। इस प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और पूरे प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी हासिल किया था।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का रोमांचक प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी श्री राज कपूर के नेतृत्व में सात विधाओं में प्रशिक्षित श्वानों ने अपने हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
पुलिस डॉग मैक्स ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में स्वयं को व्यवस्थित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद श्वानों ने गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों को पूरी दक्षता के साथ पूरा किया। गोल रिंग में जलती आग के बीच से श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पुलिस परेड ग्राउंड में प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्रियों को भी तेजी से खोजकर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा कई गंधों के मिश्रण में से निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति को पहचानने का प्रदर्शन भी किया गया। डॉग स्क्वाड की इन प्रस्तुतियों से दर्शकों को पुलिस सेवा में प्रशिक्षित श्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी उपयोगिता की जानकारी मिली।


