रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के विद्यार्थी दूसरे और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के विद्यार्थी तीसरे स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग के 286 स्कूली छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान…’ जैसे रिमिक्स गीतों पर देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने वंदे मातरम के 150 वर्षों की तपस्या और मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम की कहानी को प्रस्तुत किया। इसके साथ ही युवा शक्ति से लैस होकर नई ऊंचाइयों को छूते भारत की तस्वीर भी आकर्षक अंदाज में मंच पर दिखाई।
छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश…’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न अवसरों पर होने वाले नृत्यों की सुंदर छाप दर्शकों के सामने पेश की गई। विद्यार्थियों ने अपने भावों को कदमों की लय और ऊर्जा के साथ जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े…’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। इस नृत्य और गीत के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत किया। उनकी प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का भाव और गहरा कर दिया।


