रायपुर, 15 अगस्त 2026। नक्सल हिंसा के लंबे दौर से बाहर निकलकर शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे बीजापुर में नक्सल मुक्त होने के बाद पहला स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
सांसद श्री महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और जिले के विकास में सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में बस्तर फाइटर महिला दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ बीजापुर दूसरे और डीआरजी जिला पुलिस तीसरे स्थान पर रही। जूनियर असैन्य वर्ग में एनसीसी ने पहला, एनएसएस ने दूसरा और गाइड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। एकलव्य आदर्श विद्यालय दूसरे और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन तीसरे स्थान पर रहा। सांसद श्री महेश कश्यप, कलेक्टर श्री विश्वदीप और एसपी श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में विधायक श्री विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मिनी स्टेडियम में शान से लहराता तिरंगा बीजापुर में शांति, विकास और नए भविष्य के संकल्प का प्रतीक बना।


