रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों तथा जवानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, असाधारण कार्यकुशलता और विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पदकों एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
समारोह में रक्षित केन्द्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक श्री रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए देश के सर्वोच्च ‘राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026’ से अलंकृत किया गया।
सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं आधुनिक नवाचारों के लिए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों सहित कुल 10 पुलिसकर्मियों को ‘सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026’ प्रदान किया गया। इनमें पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर श्रीमती राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई श्रीमती निवेदिता पॉल, सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, पुलिस उपायुक्त रायपुर श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर सुश्री उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई श्री जयलाल मरकाम तथा प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद श्री हजारी लाल साहू शामिल हैं।
आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और जनसेवा में उत्कृष्ट भूमिका के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक श्री उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक श्री जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ प्रदान किया गया।
कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद और बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
कमजोर वर्गों एवं महिला-बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रायपुर की निरीक्षक श्रीमती अर्चना धुरंधर को ‘राज्यपाल पुरस्कार’ एवं ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ से अलंकृत किया गया। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये नकद तथा रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
गरियाबंद की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें 50 हजार रुपये नकद और रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई। अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक श्री उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ के तहत 50 हजार रुपये नकद और बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड दी गई। वहीं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) बिलासपुर श्री डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ के तहत 25 हजार रुपये नकद एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री (कोरबा) श्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।


