वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच करने वाली एजेंसी के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने के बाद टर्मिनल भवन में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई जाने वाली IX-1810 फ्लाइट से एक यात्री अपनी पत्नी के साथ सफर करने वाला था। यात्री ने अपने लाइसेंसी हथियार को विमान में ले जाने के लिए पहले ही इसकी जानकारी दी थी। सुरक्षा कर्मी एयरपोर्ट पर हथियार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया।
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के अनुसार, लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड की काउंटिंग के दौरान आकस्मिक फायर हुआ। गोली का राउंड चेकिंग कर रही महिला कर्मचारी के पैर और पास खड़े दूसरे कर्मचारी के अंगूठे में लगा। दोनों घायलों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक पिस्टल लोडेड थी। पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली।
सूत्रों के अनुसार, घटना में घायल कर्मचारियों की पहचान सुमन कुमारी और रोहित राज के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोली चलने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।


