रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न संभागों के विद्यार्थियों के बीच हुई इस सांस्कृतिक स्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र यानी सरगुजा संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग को दूसरा और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग को तीसरा स्थान मिला। मुख्यमंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।
सरगुजा संभाग के 286 स्कूली छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीतों पर देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम और देशभक्ति की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही युवा शक्ति के दम पर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते भारत की तस्वीर भी आकर्षक अंदाज में मंच पर दिखाई गई।
दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न अवसरों पर होने वाले पारंपरिक नृत्यों की सुंदर छाप अपनी प्रस्तुति में दिखाई। बच्चों ने अपने भावों को कदमों की लय और ऊर्जा के साथ जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को मंच पर जीवंत किया।
वहीं रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत किया। समारोह में विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।


