रायपुर/धमतरी। कथित 3000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित ठिकानों पर दबिश दी है। आठ सदस्यीय ED टीम ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
बताया गया है कि प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को रायपुर केंद्रीय जेल से रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर स्थित धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें सात दिन की ED रिमांड पर भेज दिया था।
जांच एजेंसी के अनुसार कथित शराब घोटाले के साथ कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों के लेनदेन में भी रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच की जा रही है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले से जुड़ी रकम का लेनदेन किन माध्यमों से और कहां किया गया।
इसी जांच के तहत ED की टीम धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर पहुंची और वहां मौजूद दस्तावेजों, रिकॉर्ड तथा अन्य सामग्री की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहे।
ED अधिकारियों द्वारा जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।


